सड़क पर आए नारे: सिर्फ गुस्सा नहीं, टूटते भरोसे की चेतावनी।

Image
सड़क पर आए नारे: सिर्फ गुस्सा नहीं, एक चेतावनी है। दिल्ली में हाल ही में नारे लगे: "एक कचौड़ी दो समोसा, मर्द जात का क्या भरोसा", "मेरे सिर में दर्द है, उसका कारण मर्द है।" कुछ लोग कहेंगे कि यह गुस्से में निकले शब्द हैं, इन पर इतना क्यों सोचना? पर यह समझना अब नादानी होगी। जो बात कल तक मज़ाक, ताने और रील में थी, वह आज सड़क पर नारा बन गई है। जब कोई बात हँसी-मज़ाक से निकलकर सड़क पर आ जाए, तो समझिए वह लोगों के मन में बैठ चुकी है। यह चिंता सिर्फ मेरी नहीं है। समाजशास्त्री, कानूनविद् और मनोवैज्ञानिक, तीनों अपने-अपने तरीके से इस बदलाव को समझाते हैं। आइये सबसे पहले देखते है कि सामाजिक विचारक इस पर क्या कहते हैं। फ्रांस के समाजशास्त्री एमिल दुर्खीम ने डेढ़ सौ साल पहले चेताया था कि जब समाज में साझा नियम और आपसी बंधन कमज़ोर पड़ते हैं, तो लोग दिशाहीन और अकेले हो जाते हैं।   उन्होंने इस हालत को "एनोमी" यानी मूल्यहीनता की स्थिति कहा। अमेरिकी विद्वान रॉबर्ट पुटनम ने अपनी किताब Bowling Alone में दिखाया कि जहाँ आपसी मेल-जोल और भरोसा घटता है, वहाँ समाज की ताकत घट...

नियम तोड़ने की होड़

नियम तोड़ने की होड़: क्या हम सब सक्रिय शून्यवादी बनते जा रहे हैं? आज इसी पर चर्चा करते है।

एक सदी से भी पहले नीत्शे ने जो चेतावनी दी थी, वह आज के दौर में किसी भविष्यवाणी से कम नहीं लगती। उन्होंने कहा था कि जब धर्म और परंपरा की नींव हिलेगी, तो उस पर टिकी नैतिकता भी ढह जाएगी। 

सवाल यह है — क्या हम उसी ढहने की प्रक्रिया के बीचोंबीच खड़े हैं? आज चारों तरफ एक अजीब होड़ मची है — किसी भी नियम, किसी भी परंपरा, किसी भी "बंधन" को न मानने की होड़। 
यह होड़ खुद को "स्वतंत्रता" कहती है, "आधुनिकता" कहती है, कभी-कभी "क्रांति" भी कह देती है। 
पर नीत्शे के चश्मे से देखें, तो यह होड़ शून्यवाद के उसी संकट का विस्तार है, जिसकी उन्होंने चेतावनी दी थी।

नीत्शे के समय में विज्ञान और तर्क ने ईश्वर की सत्ता को हिलाया था। आज सोशल मीडिया, बाज़ार और सूचना की बाढ़ ने परिवार, समाज, गुरु, धर्म — हर उस संस्था को हिला दिया है जो पहले व्यक्ति को यह बताती थी कि "सही क्या है और गलत क्या।" फ़र्क सिर्फ इतना है कि नीत्शे के दौर में यह हिलना धीमा था, आज यह हर स्क्रॉल के साथ हो रहा है।

पुरानी पीढ़ी जिन नियमों में जीती थी — पारिवारिक मर्यादा, सामाजिक शिष्टाचार, गुरु-शिष्य परंपरा, विवाह और रिश्तों की गंभीरता — वे नियम अब पुराने पड़ चुके माने जाते हैं। पर सवाल यह है: जो नई पीढ़ी इन नियमों को तोड़ रही है, क्या उसने इनकी जगह कुछ नया गढ़ा भी है? या सिर्फ खालीपन बचा है, जिसे हर कोई अपने-अपने तरीके से भरने की कोशिश कर रहा है — कभी उपभोग से, कभी प्रदर्शन से, कभी क्रोध से?

निष्क्रिय शून्यवाद अर्थात "कुछ मायने नहीं रखता"  नीत्शे ने जिस निष्क्रिय शून्यवाद की बात की थी, वह आज सबसे ज़्यादा युवाओं में दिखाई देता है। "कुछ भी करने का क्या फ़ायदा", "सब बेकार है", "किसी चीज़ का कोई मतलब नहीं" — यह भाव सिर्फ दार्शनिक बहस का विषय नहीं रहा, यह एक पीढ़ी की मानसिक स्थिति बनता जा रहा है। परीक्षा में असफलता हो, रोज़गार की अनिश्चितता हो, या रिश्तों की टूटन — जब जीवन में कोई ठोस अर्थ नहीं दिखता, तो निष्क्रियता और उदासीनता स्वाभाविक परिणाम बन जाती है।

यही वह मिट्टी है जिसमें अवसाद, आलस्य और उदासीनता की जड़ें जमती हैं। और यही वह खालीपन है, जिसे नीत्शे ने सबसे ख़तरनाक बताया था — क्योंकि निष्क्रिय आदमी न कुछ बनाता है, न कुछ बचाता है, वह बस बहता चला जाता है।

नियम तोड़ना अगर सिर्फ प्रतिक्रिया है, तो वह मुक्ति नहीं यहीं पर सबसे ज़रूरी फ़र्क समझना होगा — नियम तोड़ना और नियम से मुक्त होना, दो अलग-अलग चीज़ें हैं।

जो व्यक्ति सिर्फ इसलिए नियम तोड़ता है क्योंकि "यह पुराना है" या "यह मेरी पीढ़ी को बांधता है", वह असल में उस नियम का ही ग़ुलाम बना रहता है — बस अब वह उसकी अवहेलना में जी रहा है, स्वतंत्रता में नहीं। 

नीत्शे ने इसके लिए अतिमानव का सिद्धांत दिया,  उनका अतिमानव (Übermensch) यह नहीं करता। वह पुराने मूल्यों को सिर्फ तोड़ता नहीं, वह उनकी जगह अपने गढ़े हुए, सोचे-समझे नए मूल्य रखता है। यह प्रक्रिया कठिन है, दर्दनाक है, और ज़िम्मेदारी मांगती है।

आज की "रूल-ब्रेकिंग" संस्कृति में यह ज़िम्मेदारी अक्सर गायब है। लोग परंपरा को नकारते हैं, पर उसकी जगह कोई ठोस मूल्य नहीं गढ़ते — बस एक शून्य छोड़ देते हैं, जिसे बाज़ार, एल्गोरिद्म और तात्कालिक सुख भरने लगते हैं।


👉 नीत्शे यह नहीं कहते कि पुराने नियमों को मानते रहो। वे कहते हैं — पुराना ढांचा टूटेगा, यह अनिवार्य है, लेकिन उसके बाद खालीपन में रुक मत जाओ। उस खालीपन को अवसर बनाओ। अपने विवेक से, अपने अनुभव से, अपनी इच्छाशक्ति से नए मूल्य गढ़ो — ऐसे मूल्य जो थोपे हुए न हों, बल्कि आत्मसात किए हुए हों।
यही सक्रिय शून्यवाद है — और यही आज की सबसे बड़ी ज़रूरत भी।

 समस्या नियम तोड़ने में नहीं है, समस्या इस बात में है कि तोड़ने के बाद हम खाली हाथ खड़े रह जाते हैं। एक समाज जो सिर्फ नकार पर जीता है, वह टिकाऊ नहीं होता — वह या तो निष्क्रियता में डूब जाता है, या फिर, जैसा नीत्शे ने चेताया था, किसी उग्र विचारधारा की शरण में चला जाता है, जो खालीपन को झूठा अर्थ देकर भरने का दावा करती है।

नीत्शे बताते है विध्वंस काफ़ी नहीं, निर्माण ज़रूरी है।आज की पीढ़ी के पास तोड़ने का साहस तो भरपूर है, पर गढ़ने का धैर्य कम होता जा रहा है।

 नीत्शे की चेतावनी आज इसलिए प्रासंगिक है क्योंकि हम ठीक उसी दोराहे पर खड़े हैं जिसकी उन्होंने बात की थी — पुराना गिर चुका है, नया अभी बना नहीं। इस बीच के खालीपन में हम कैसे जिएं, यही तय करेगा कि हम निष्क्रिय शून्यवाद के गर्त में गिरते हैं, या सक्रिय शून्यवाद के रास्ते अपने समय के अतिमानव बनते हैं।

नियम तोड़ना अंत नहीं है — शुरुआत भर है। असली परीक्षा तो उसके बाद शुरू होती है, जब हमें खुद तय करना होता है कि हम किस मिट्टी पर खड़े होंगे।

Comments