सड़क पर आए नारे: सिर्फ गुस्सा नहीं, टूटते भरोसे की चेतावनी।

सड़क पर आए नारे: सिर्फ गुस्सा नहीं, एक चेतावनी है।




दिल्ली में हाल ही में नारे लगे: "एक कचौड़ी दो समोसा, मर्द जात का क्या भरोसा", "मेरे सिर में दर्द है, उसका कारण मर्द है।"

कुछ लोग कहेंगे कि यह गुस्से में निकले शब्द हैं, इन पर इतना क्यों सोचना? पर यह समझना अब नादानी होगी। जो बात कल तक मज़ाक, ताने और रील में थी, वह आज सड़क पर नारा बन गई है। जब कोई बात हँसी-मज़ाक से निकलकर सड़क पर आ जाए, तो समझिए वह लोगों के मन में बैठ चुकी है।

यह चिंता सिर्फ मेरी नहीं है। समाजशास्त्री, कानूनविद् और मनोवैज्ञानिक, तीनों अपने-अपने तरीके से इस बदलाव को समझाते हैं।

आइये सबसे पहले देखते है कि सामाजिक विचारक इस पर क्या कहते हैं।

फ्रांस के समाजशास्त्री एमिल दुर्खीम ने डेढ़ सौ साल पहले चेताया था कि जब समाज में साझा नियम और आपसी बंधन कमज़ोर पड़ते हैं, तो लोग दिशाहीन और अकेले हो जाते हैं। 
उन्होंने इस हालत को "एनोमी" यानी मूल्यहीनता की स्थिति कहा।

अमेरिकी विद्वान रॉबर्ट पुटनम ने अपनी किताब Bowling Alone में दिखाया कि जहाँ आपसी मेल-जोल और भरोसा घटता है, वहाँ समाज की ताकत घटती है। 


फ्रांसिस फुकुयामा ने Trust में यही तर्क दिया कि जिस समाज में भरोसा ज़्यादा होता है, वह आर्थिक और सामाजिक रूप से भी ज़्यादा मज़बूत होता है।

इसी कड़ी में फ्रांसीसी समाजशास्त्री पियरे बोर्दियू का "सामाजिक पूँजी" का विचार आता है। बोर्दियू के लिए पूँजी सिर्फ पैसा नहीं है। रिश्तों, पहचान और आपसी भरोसे का जाल भी पूँजी है, जिसके सहारे आदमी मुश्किल वक्त में खड़ा रहता है।

जब यह जाल कमज़ोर पड़ता है, तो जेब में पैसा होने पर भी आदमी भीतर से अकेला और असुरक्षित हो जाता है। भारत जैसे समाज में, जहाँ बीमारी, बेरोज़गारी और बुढ़ापे में परिवार ही सबसे बड़ा सहारा है, यह पूँजी घटना सबसे बड़ा खतरा है।

ज़िग्मंट बाउमन ने आज के रिश्तों को "तरल" कहा। उनके मुताबिक रिश्ते जल्दी बनते हैं और जल्दी टूट जाते हैं, क्योंकि कोई बंधन में बँधने का जोखिम नहीं लेना चाहता।

एंथनी गिडेंस ने भी लिखा कि आधुनिक रिश्ते तब तक टिकते हैं जब तक दोनों को उनसे संतुष्टि मिले। यानी रिश्ता धीरे-धीरे अनुबंध बनता जा रहा है।

भारतीय संदर्भ में सुधीर कक्कड़ जैसे मनोविश्लेषक बताते हैं कि भारतीय व्यक्ति की पहचान परिवार और रिश्तों के भीतर बनती है। इसलिए यहाँ रिश्तों का टूटना सिर्फ निजी दुख नहीं, पूरी मानसिक और सामाजिक बुनावट को हिलाने वाली बात है।


इस पर कानूनविद् क्या कहते हैं उसको समझते है।


कानून का पहला सिद्धांत है कि अपराध की सज़ा अपराधी को मिले, उसके पूरे वर्ग को नहीं। 

संविधान का अनुच्छेद 14 हर व्यक्ति को बराबरी से देखने की बात करता है। किसी एक के अपराध पर पूरे समूह को कठघरे में खड़ा करना इस भावना के उलट है।

सुप्रीम कोर्ट कई मामलों में कह चुका है कि दहेज और घरेलू हिंसा के कानून महिलाओं की रक्षा के लिए बने हैं और उनकी ज़रूरत असली है। लेकिन उसने यह भी माना है कि कई बार इनका दुरुपयोग हुआ और पति के पूरे परिवार को फँसाने की प्रवृत्ति दिखी। अदालतों की यह चिंता भी अविश्वास की उसी खाई की ओर इशारा करती है।
दूसरी तरफ़ वर्मा समिति की रिपोर्ट और अपराध के सरकारी आँकड़े बताते हैं कि महिलाओं के साथ हिंसा और उत्पीड़न की समस्या असली और गंभीर है।
इसलिए कानून के जानकार दोनों बातें साथ-साथ कहते हैं: पीड़ित को तेज़ न्याय मिले, और झूठे आरोप से किसी निर्दोष की ज़िंदगी भी बर्बाद न हो। न्याय पर भरोसा बना रहेगा, तभी लोग सड़क की जगह अदालत का रास्ता चुनेंगे।

कानून यह भी मानता है कि हर रिश्ता बचाया नहीं जा सकता। पर कानून रिश्तों में भरोसा लौटा नहीं सकता। वह बस अपराध के बाद का रास्ता दिखाता है। भरोसा समाज को खुद बनाना पड़ता है।
अंत में मनोविज्ञान क्या कहता है यह समझते है।

एरिक एरिक्सन ने बताया कि इंसान के विकास की पहली सीढ़ी "भरोसा बनाम अविश्वास" है।

जॉन बाउल्बी का "अटैचमेंट सिद्धांत" भी कहता है कि बचपन के अनुभव आगे चलकर हमारे रिश्तों का ढंग प्रभावित करते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि टूटे घर का हर बच्चा अविश्वासी ही बनेगा, पर जोखिम ज़रूर बढ़ता है।

गॉर्डन ऑलपोर्ट ने The Nature of Prejudice में समझाया कि कुछ लोगों के बुरे अनुभव के आधार पर पूरे समूह के बारे में राय बना लेना ही पूर्वाग्रह की जड़ है।

एक बार "हम बनाम वे" की दीवार खड़ी हो जाए, तो हर व्यक्ति इंसान नहीं, सिर्फ अपने समूह का प्रतिनिधि दिखने लगता है। यह बात दोनों तरफ़ लागू होती है, चाहे "सब मर्द ऐसे हैं" हो या "सब औरतें ऐसी हैं।"

इस दीवार का जवाब दार्शनिक मार्टिन बूबर के पास है। उन्होंने मानव संबंधों के दो रूप बताए: "मैं-तू" (I – You ) और "मैं-यह" (I – It)। "मैं-यह" में सामने वाला एक श्रेणी, एक वस्तु या एक साधन भर रह जाता है। "मैं-तू" में वह पूरा इंसान होता है। "सब मर्द ऐसे हैं" कहते ही सामने खड़ा हर मर्द "तू" से "यह" बन जाता है, और यही बात उलटी दिशा में भी सच है। यह नारे इसी रूपांतरण का नाम है।

एरिक फ्रॉम ने The Art of Loving में प्रेम को सिर्फ भावना नहीं, बल्कि एक कला और ज़िम्मेदारी कहा, जिसमें परवाह, सम्मान और दूसरे की स्वतंत्रता को स्वीकारना शामिल है।

स्वस्थ रिश्ता सिर्फ यह नहीं पूछता कि "मुझे इससे क्या मिल रहा है?" वह यह भी पूछता है कि "मैं इसके लिए क्या हूँ?" जब रिश्ता पूरी तरह लाभ-हानि का हिसाब बन जाता है, तो वह साझेदारी से अनुबंध बन जाता है, और अनुबंध में हर कोई अपने अधिकार गिनता है, दायित्व नहीं।

विवाह के शोधकर्ता जॉन गॉटमैन ने दशकों के अध्ययन में पाया कि जिन रिश्तों में तिरस्कार और आलोचना आम हो जाती है, उनके टूटने की आशंका सबसे ज़्यादा होती है।
जब यही तिरस्कार नारे बनकर पूरे समूह के लिए होने लगे, तो पूरे समाज में रिश्तों की नींव कमज़ोर होती है।

आज के मनोचिकित्सक यह भी कहते हैं कि सोशल मीडिया सबसे बुरी घटनाओं को बार-बार दिखाकर मन में डर और शक बैठा देता है। एक कड़वा अनुभव हज़ार बार दोहराया जाए, तो वह सबका अनुभव लगने लगता है। और जिनका दर्द सच्चा है, उन्हें अनसुना किया जाए तो गुस्सा और गहरा होता है। यही चक्र समाज में अकेलापन, चिंता और अवसाद बढ़ा सकता है।

सबसे बड़ा सवाल: अगर यह अविश्वास बढ़ता गया, तो भारत पर क्या असर पड़ेगा?

यह मान लेना भूल होगी कि अविश्वास सिर्फ मर्द और औरत के बीच रहेगा। वह धीरे-धीरे समाज की हर परत में उतरता है।

1 — सामाजिक असर

सबसे पहले बातचीत बंद होती है। दो पक्ष एक-दूसरे को इंसान की जगह "दुश्मन खेमे" की तरह देखने लगते हैं। हर विवाद में लोग सच से पहले यह देखेंगे कि कौन किस तरफ़ का है। पीड़ित पर भी शक किया जाएगा और आरोपी पर भी, और असली पीड़ित को न्याय मिलना और मुश्किल होगा।
दफ़्तर, कॉलेज और कारखानों में सहज मेल-जोल घटेगा। आशंका यह भी है कि लोग साथ काम करने, सिखाने या मदद करने से कतराने लगें। इसका सीधा नुकसान उन्हीं को होगा जिन्हें आगे बढ़ने का मौका चाहिए, यानी खासकर महिलाओं को।
जब एक वर्ग पूरी तरह संदिग्ध ठहरा दिया जाए, तो उसमें से ईमानदार और भले लोग भी चुप हो जाते हैं। फिर बहस की जगह सिर्फ शोर बचता है, और समाज को बाँटने वाले लोग इसका फ़ायदा उठाते हैं। राजनीति और बाज़ार दोनों इस बँटवारे से कमाई करते हैं।

2 — पारिवारिक असर

परिवार पर इसकी चोट सबसे गहरी होगी। विवाह की उम्र पहले ही बढ़ रही है। अविश्वास बढ़ा तो बहुत से युवा शादी को जोखिम मानकर उससे दूर रहना चाहेंगे, या करेंगे भी तो डरते हुए, शर्तों और सौदेबाज़ी के साथ। ऐसे रिश्ते में भरोसे की जगह हिसाब-किताब होता है।
जो रिश्ते बनेंगे, उनमें टकराव और तलाक़ की संभावना बढ़ेगी। प्रजनन दर पहले ही प्रतिस्थापन स्तर के आसपास या उससे नीचे है। इसके कारण कई हैं, शिक्षा, शहरीकरण, रोज़गार, पर अविश्वास और अकेलापन उस पर और दबाव डाल सकते हैं।
सबसे ज़्यादा नुकसान बच्चों का होगा। जिस घर में माँ-बाप के बीच शक और कड़वाहट हो, वहाँ बच्चा असुरक्षा में बड़ा होता है। यानी आज का अविश्वास अगली पीढ़ी में और गहरा होकर पहुँच सकता है।
बुज़ुर्गों की हालत और कठिन होगी। हमारे यहाँ बुढ़ापे की देखभाल की कोई मज़बूत सरकारी व्यवस्था नहीं है। उसका बोझ परिवार उठाता आया है। जब परिवार टूटेंगे और रिश्ते अनुबंध बनेंगे, तो अकेले रह गए बुज़ुर्गों की संख्या बढ़ेगी। बाकी दुनिया के अनुभव बताते हैं कि अकेलापन खुद एक बड़ी बीमारी बन जाता है।

3 — आर्थिक असर

परिवार भारत की सबसे बड़ी अनौपचारिक आर्थिक संस्था है। वह बीमा भी है, पेंशन भी, बचत की इकाई भी और कठिन समय की सुरक्षा भी। जब यह ढाँचा कमज़ोर होगा, तो उसकी जगह कोई ले नहीं पाएगा, क्योंकि सरकार के पास इतने संसाधन नहीं हैं। फिर सामाजिक सुरक्षा का खर्च या तो राज्य पर पड़ेगा या सीधे आम आदमी की जेब पर।

एक घर में रहने वाले लोग खर्च बाँटते हैं। अलग-अलग रहने से किराया, बिजली, खाना और देखभाल, सब पर खर्च बढ़ता है, और बचत घटती है। घर बनाने, बच्चों की पढ़ाई और बुढ़ापे के लिए जुटाई जाने वाली पूँजी पर असर पड़ता है।
मुकदमेबाज़ी भी बढ़ेगी। जहाँ भरोसा नहीं होता, वहाँ हर रिश्ता अदालत और वकील तक पहुँचता है। 

पहले से करोड़ों लंबित मामलों के बोझ तले दबी हमारी न्याय व्यवस्था पर और दबाव पड़ेगा।
कार्यस्थल पर भी असर होगा। जिस दफ़्तर में स्त्री-पुरुष एक-दूसरे पर शक करेंगे, वहाँ टीमवर्क कमज़ोर होगा और कंपनियाँ जोखिम से बचने के लिए भर्ती में हिचक सकती हैं। जिस देश को अपनी युवा आबादी और बढ़ती महिला भागीदारी का लाभ उठाना है, उसके लिए यह महँगा सौदा है।
मानसिक स्वास्थ्य का खर्च अलग है। तनाव, अवसाद और अकेलेपन से जूझते लोगों की कमाई और काम करने की क्षमता, दोनों घटती हैं। यह बोझ आँकड़ों में कम दिखता है, पर अर्थव्यवस्था उसे चुकाती है।

और अगर भरोसा घटते-घटते आम लेन-देन तक पहुँच गया, तो हर समझौते के लिए लिखा-पढ़ी, निगरानी और गारंटी चाहिए होगी। फुकुयामा ने यही कहा था कि भरोसा सिर्फ नैतिक चीज़ नहीं, आर्थिक पूँजी भी है, और बोर्दियू की भाषा में कहें तो यह वही सामाजिक पूँजी है जो चुपचाप खर्च हो रही है।

तीनों की बात एक जगह मिलती है
विचारक कहते हैं कि भरोसा समाज की पूँजी है और वह घट रही है। कानूनविद् कहते हैं कि सज़ा व्यक्ति को मिले, समूह को नहीं, और पीड़ित को न्याय भी मिले। मनोवैज्ञानिक कहते हैं कि "पूरा वर्ग दोषी" वाली सोच रिश्तों को भीतर से खोखला कर देती है।
जहाँ भरोसा टूटता है, वहाँ रिश्ते सौदे बन जाते हैं, और सौदों में कोई किसी का सहारा नहीं बनता। समाज में दूरी, परिवार में टूटन और अर्थव्यवस्था में बोझ, तीनों एक ही जड़ से निकलते हैं।

सबसे बड़ा सवाल रास्ता क्या है?


महिलाओं के दर्द को नकारकर पुरुषों के सम्मान की रक्षा नहीं की जा सकती, और पुरुषों को सामूहिक रूप से दोषी ठहराकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। न्याय का रास्ता दोनों को एक साथ स्वीकार करने से निकलता है।
इसका मतलब है कि घरेलू हिंसा, दहेज और यौन उत्पीड़न पर सख़्त और तेज़ कार्रवाई हो, और झूठे आरोप पर भी उतनी ही गंभीरता से जाँच हो। बूबर के शब्दों में, अपराधी को अपराधी और पीड़ित को पीड़ित कहना, पर किसी को भी सिर्फ उसके वर्ग का प्रतिनिधि न बना देना। फ्रॉम के शब्दों में, रिश्तों में अधिकार के साथ दायित्व भी याद रखना।


हरेक मामले की तरह "यह तो पश्चिम की नकल है" कहकर बात टालना ठीक नहीं।
पश्चिम में व्यक्ति पर ज़ोर रहा है और रिश्ते टूटने पर सरकार और व्यवस्था का सहारा मौजूद है। हमारे यहाँ परिवार ही बीमारी, बुढ़ापे, बेरोज़गारी और बच्चों की परवरिश में सुरक्षा रहा है। रिश्ते टूटेंगे तो यह सहारा कौन देगा? इसीलिए यहाँ यह टूटन ज़्यादा भारी पड़ेगी।

अंततः सवाल नारों का नहीं, भरोसे का है
समस्या यह नहीं कि सड़क पर नारे क्यों लगे। असली सवाल यह है कि ऐसी कौन-सी सामाजिक परिस्थितियाँ पैदा हुईं, जिनमें किसी पूरे वर्ग के प्रति अविश्वास व्यक्त करना लोगों को उचित लगने लगा।
नारे बीमारी नहीं हैं, वे उस बीमारी के लक्षण हैं।
मैं किसी एक पक्ष की तरफ से नहीं बोल रहा। मेरी चिंता यह है कि हम बदलाव की रफ्तार में भरोसा खोते जा रहे हैं। इसलिए समाज और व्यवस्था को चाहिए कि वह इन नारों को सुनें, समझे और विचार करें । इन्हें हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।


नारे क्या शक्ति रखते है इसको जानने के लिए मेरा यह ब्लॉग पढ़िए 👇

https://chanchalsohaon.blogspot.com/2026/07/blog-post_24.html


         


Comments