जब रिश्तों पर पैसा भारी पड़ने लगे: बुजुर्गों की उपेक्षा के पीछे छिपे सामाजिक कारण।
हाल ही में एक खबर आई कि वाराणसी के काशी में एक आश्रम में पिछले एक साल में 55 बुजुर्गों की मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह थी कि कई बुजुर्गों को उनके परिवार वाले मरने के बाद भी लेने नहीं आए। कुछ लोग तो सिर्फ बीमा का पैसा, जमीन-जायदाद या और कोई फायदा लेने के लिए ही शव लेने पहुंचे।
यह घटना सिर्फ कुछ परिवारों की बेरहमी की कहानी नहीं है। यह हमारे बदलते समाज, कमजोर होते पारिवारिक रिश्तों और जिम्मेदारी के बदलते मतलब को दिखाती है। सवाल यह नहीं कि आज के बच्चे अपने माता-पिता से प्यार करते हैं या नहीं। असली सवाल यह है कि प्यार, फर्ज और जिम्मेदारी के बीच पैसा कब आकर बीच में खड़ा हो गया?
इसे सिर्फ यह कहकर समझना आसान है कि "आजकल की पीढ़ी स्वार्थी हो गई है", लेकिन पूरी सच्चाई इससे कहीं ज्यादा उलझी हुई है। इसके पीछे पैसे की तंगी, छोटे परिवार, नौकरी के लिए दूसरे शहर जाना, अच्छे संस्कारों की कमी, जमीन-जायदाद के झगड़े, बदलता रहन-सहन, कमजोर सामाजिक सुरक्षा और घर में बातचीत की कमी — ऐसी कई वजहें हैं।
जिनमे कुछ मुद्दे आपके सामने है।
स्वार्थ और पैसा: जब रिश्ते भी फायदे-नुकसान के तराजू पर तौले जाने लगे।
पैसा इंसान की जरूरतें पूरी करता है, लेकिन जब वही जिंदगी का सबसे बड़ा मकसद बन जाए तो रिश्ते सिर्फ एक साधन बन जाते हैं। माता-पिता तब तक काम के माने जाते हैं जब तक वे कमाते हैं, उनके पास संपत्ति है, वे बच्चों की मदद करते हैं या घर के काम में हाथ बंटाते हैं। बीमारी, बुढ़ापा और दूसरों पर निर्भरता आते ही कुछ लोग उन्हें बोझ समझने लगते हैं।
मशहूर विचारक एरिख फ्रॉम ने इंसान की जिंदगी को दो तरह की सोच से समझाया था — "होना" और "रखना" की सोच। "होना" का मतलब है प्यार, संवेदना, साथ निभाना और जिंदा रिश्ते। "रखना" का मतलब है चीजें, संपत्ति और अधिकार जमा करना।
जब इंसान हर रिश्ते को भी संपत्ति की तरह देखने लगता है, तो वह सोचने लगता है — "इस रिश्ते से मुझे क्या मिल रहा है?" ऐसे में माता-पिता भी प्यार-सम्मान के हकदार इंसान न रहकर संपत्ति, पेंशन या विरासत का जरिया भर बन जाते हैं।
जब माता-पिता की पहचान इंसान से पहले उनकी संपत्ति से होने लगे।
कार्ल मार्क्स के विचार बताते हैं कि पैसे का रिश्ता सिर्फ बाजार तक सीमित नहीं रहता। जब संपत्ति और फायदा जिंदगी की सबसे बड़ी चीज बन जाए, तो घर के अंदर भी प्यार और सेवा की जगह हिसाब-किताब आ जाता है। बुजुर्ग तब परिवार का इज्जतदार सदस्य नहीं, बल्कि संपत्ति का मालिक या पैसे कमाने का जरिया भर दिखने लगता है।
यहां एक बात समझनी जरूरी है — हर संपत्ति का झगड़ा या हर पैसे की तंगी लालच नहीं होती। गरीबी, बेरोजगारी और इलाज का खर्च भी परिवारों को मुश्किल में डालते हैं। लेकिन जब पैसे के लिए बुजुर्ग को अपमानित किया जाए, नजरअंदाज किया जाए या छोड़ दिया जाए, तो यह सिर्फ घर की बात नहीं रहती — यह समाज की नैतिकता का संकट बन जाता है।
जब रिश्तों में भी हिसाब-किताब आने लगे:
जर्मन विचारक मैक्स वेबर ने बताया था कि आज के समाज में हर चीज हिसाब-किताब, नियम, फायदा और समय के आधार पर तय होने लगी है। आज का इंसान अक्सर यह सोचने लगता है — किसी काम में कितना समय लगेगा, कितना खर्च आएगा और उससे क्या फायदा होगा।
यह सोच नौकरी, व्यापार और सरकारी कामकाज में शायद ठीक हो। लेकिन जब यही सोच रिश्तों में पूरी तरह घुस जाए, तो दिक्कत शुरू होती है। तब कोई इंसान अपने बूढ़े माता-पिता की बीमारी, देखभाल या साथ को अपना फर्ज नहीं, बल्कि खर्च और झंझट समझने लगता है।
जैसे — अगर कोई बुजुर्ग बीमार है और उसे बार-बार अस्पताल ले जाना पड़ता है, तो सवाल यह नहीं होना चाहिए कि "इसमें मेरा कितना समय और पैसा जाएगा?" बल्कि यह होना चाहिए कि "इस वक्त परिवार के सदस्य के तौर पर मेरा फर्ज क्या है?"
परिवार जहां से जिम्मेदारी सीखी जाती है:
अमेरिकी विचारक टैल्कॉट पार्सन्स ने कहा था कि परिवार के दो बड़े काम होते हैं — बच्चों को अच्छे संस्कार देना और बड़ों को मुश्किल वक्त में भावनात्मक सहारा देना। आसान शब्दों में कहें तो परिवार वह जगह है जहां बच्चा व्यवहार, अनुशासन, प्यार, जिम्मेदारी और दूसरों की इज्जत करना सीखता है; और परिवार बड़ों को भी तनाव में सहारा देता है।
अगर घर में बुजुर्गों को इज्जत नहीं मिलती, तो अगली पीढ़ी भी यही सीखेगी कि कमजोर, बीमार या किसी पर निर्भर इंसान को नजरअंदाज करना कोई बड़ी बात नहीं है। इसके उलट, अगर बच्चे देखते हैं कि उनके माता-पिता अपने दादा-दादी की सेवा कर रहे हैं, तो उनके भीतर भी जिम्मेदारी का संस्कार बनता है।
एक बच्चा सिर्फ यह नहीं देखता कि उसके माता-पिता उसके साथ कैसा बर्ताव करते हैं। वह यह भी देखता है कि उसके माता-पिता अपने माता-पिता के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।
जब परिवार का दायरा छोटा हो और आस-पड़ोस का सहारा भी खत्म हो जाए:
फ्रांसीसी विचारक पियरे बुरदियू ने "सामाजिक पूंजी" नाम की एक बात कही थी। इसका मतलब है — भरोसा, पहचान, रिश्ते और साथ-सहयोग का वह जाल, जिससे जरूरत के वक्त इंसान को मदद मिलती है। बुरदियू के मुताबिक परिवार, दोस्त, पड़ोस और समाज ऐसे ही रिश्तों की बुनियाद होते हैं।
बुजुर्गों के मामले में इसका मतलब बहुत सीधा है। अगर परिवार, पड़ोसी, रिश्तेदार, दोस्त और समाज सक्रिय हों, तो कोई बूढ़ा इंसान बिल्कुल अकेला नहीं पड़ता। लेकिन जब परिवार टूट जाता है, पड़ोसी अजनबी बन जाते हैं और रिश्तेदारों से नाता टूट जाता है, तो बुजुर्ग के पास मुश्किल वक्त में मदद के लिए कोई नहीं बचता।
अमेरिकी विचारक रॉबर्ट पुटनम ने अपनी मशहूर किताब Bowling Alone में लिखा है कि आज के समाज में लोग एक-दूसरे से, समाज से जुड़ना कम कर रहे हैं। लोग क्लब, मोहल्ले, समाज के कामों और पड़ोसी रिश्तों से दूर होते जा रहे हैं। इससे समाज का भरोसा और आपसी सहयोग कम होता जाता है।
पुटनम की यह बात बुजुर्गों की उपेक्षा समझने में बहुत काम की है। पहले गांव-मोहल्ला और रिश्तेदारी बुजुर्गों की खबर रखती थी। कोई बीमार होता तो पड़ोसी हाल पूछने आते थे; किसी बूढ़े को अकेला देख लोग टोकते थे। आज शहरों में बहुत लोग सालों तक अपने पड़ोसियों को ठीक से जानते तक नहीं। ऐसे में किसी बुजुर्ग का अकेलापन किसी को दिखता ही नहीं।
कभी घर का बुजुर्ग सिर्फ उसी परिवार का हिस्सा नहीं होता था, वह पूरे मोहल्ले की पहचान होता था। आज तो कई बार एक ही इमारत में रहने वालों को यह भी पता नहीं होता कि उनके बगल में कोई बुजुर्ग अकेला रह रहा है।
रिश्ते अब सिर्फ परंपरा से नहीं चलेंगे :
ब्रिटिश विचारक एंथनी गिडेन्स ने बताया कि आज के रिश्तों में क्या बदल गया है। उनके मुताबिक आज के रिश्ते सिर्फ परंपरा, परिवार की इज्जत या समाज के दबाव से नहीं चलते; लोग रिश्ते में इज्जत, बातचीत, दिल का सुकून और बराबरी भी चाहते हैं। गिडेन्स कहते हैं कि ऐसा रिश्ता तभी तक चलता है जब तक दोनों को उसमें पर्याप्त सुकून और इज्जत मिलती रहे।
यह बात परिवार और बुजुर्गों के सवाल पर दो तरह से लागू होती है। पहली, नई पीढ़ी सिर्फ हुक्म और नियंत्रण के भरोसे रिश्ता नहीं निभाना चाहती। दूसरी, अगर रिश्तों में बातचीत बंद हो जाए, तो दिलों की दूरी तेजी से बढ़ती है।
लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि माता-पिता की जिम्मेदारी भी "जब तक सुकून मिले तब तक" ही रहे। यहीं गिडेन्स की सोच की एक सीमा दिखती है। माता-पिता, बच्चे और बुजुर्गों का रिश्ता कोई बाजारू सौदा नहीं है। इसमें प्यार के साथ-साथ फर्ज और लंबे समय की जिम्मेदारी भी जुड़ी है।
आजादी बढ़ी, लेकिन दबाव भी बढ़ा:
जर्मन विचारक उलरिख बेक ने आज के जमाने की एक बड़ी दिक्कत बताई — हर काम अब अकेले इंसान के कंधे पर आ गया है। उनके मुताबिक आज इंसान से उम्मीद की जाती है कि वह अपनी पढ़ाई, नौकरी, शादी, करियर, घर, सेहत और भविष्य की सारी समस्याएं खुद ही सुलझाए। आजादी तो मिलती है, लेकिन साथ ही जोखिम और दबाव भी उसी के कंधों पर आ जाते हैं।
आज का नौजवान नौकरी की अनिश्चितता, किराया, बच्चों की पढ़ाई, महंगा इलाज और करियर की होड़ से जूझ रहा है। कई बार वह अपने माता-पिता की देखभाल करना चाहता है, पर उसके पास समय, जगह और पैसे की कमी होती है। इसलिए हर मामले को "इंसानियत की गिरावट" कहना भी ठीक नहीं है।
यहां एक जरूरी फर्क समझना चाहिए — देखभाल न कर पाने की मजबूरी, और देखभाल न करने की मर्जी — ये दोनों एक बात नहीं हैं।
तरक्की का मतलब सिर्फ चीजें खरीदना नहीं:
महात्मा गांधी दिखावे और भोग-विलास वाली जिंदगी के आलोचक थे। उनका मानना था कि सभ्यता का मतलब सिर्फ ज्यादा सामान, ज्यादा सुविधा और ज्यादा खर्च करना नहीं है। असली सभ्यता संयम, आत्म-नियंत्रण, सेवा और दूसरों के प्रति जिम्मेदारी में है।
गांधी की नजर से देखें तो बुजुर्गों की सेवा कोई एहसान नहीं है; यह परिवार और समाज का नैतिक फर्ज है। अगर कोई समाज ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें और बड़ी अर्थव्यवस्था बना ले, लेकिन अपने बूढ़े, बीमार और लाचार लोगों को अकेला छोड़ दे, तो उसकी तरक्की अधूरी है।
पैसे पर निर्भर होने से इज्जत कम नहीं होती:
डॉ. भीमराव आंबेडकर का मानना था कि हर इंसान को बराबरी, आजादी, भाईचारा और इज्जत मिलनी चाहिए। उनके विचारों से यह समझा जा सकता है कि बुढ़ापे में इज्जत कोई खैरात नहीं है। वह इंसान की गरिमा का हक है।
अक्सर बुजुर्गों से कहा जाता है कि वे बच्चों पर निर्भर हैं, इसलिए उन्हें चुप रहना चाहिए। यह सोच गलत है। पैसे के लिए किसी पर निर्भर होना किसी की इज्जत कम नहीं करता। जैसे बच्चों को देखभाल और सुरक्षा का हक है, वैसे ही बूढ़े इंसान को भी इज्जत, इलाज, सुरक्षा, फैसलों में हिस्सेदारी और परिवार में अपनापन पाने का हक है।
संयुक्त परिवार का टूटना: क्या छोटा परिवार ही समस्या है?
भारतीय समाज में संयुक्त परिवार सिर्फ रहने का तरीका नहीं था। यह देखभाल, सुरक्षा और जिम्मेदारी की एक पूरी व्यवस्था थी। घर में दादा-दादी, चाचा-चाची, बच्चे और बाकी लोग साथ रहते थे। बुजुर्गों की देखभाल किसी एक इंसान की जिम्मेदारी नहीं होती थी।
अब नौकरी, पढ़ाई और शहरों में बसने की वजह से परिवार छोटे होते जा रहे हैं। शहरों में पति-पत्नी और बच्चों तक सीमित परिवार आम होते जा रहे हैं। भारतीय परिवारों पर हुए अध्ययनों में भी यह देखा गया है कि शहरों में अकेले रहने वाले परिवार बढ़े हैं और एक घर में रहने वालों की गिनती घटी है। इससे बुजुर्गों की देखभाल का सारा भार बस चंद लोगों पर आ गया है।
छोटा परिवार अपने आप में बुरी बात नहीं है। इससे इंसान को आजादी, निजता और अपने फैसले खुद लेने का मौका मिलता है। दिक्कत तब आती है जब परिवार छोटा तो हो जाता है, लेकिन जिम्मेदारी निभाने का कोई इंतजाम नहीं बनता।
अगर बेटा किसी दूसरे शहर या देश में रहता है, बहू नौकरी करती है और बुजुर्ग बीमार हैं, तो सिर्फ भावुक बातों से समस्या हल नहीं होगी। देखभाल के लिए समय, पैसा, अच्छा इलाज और समाज का साथ भी चाहिए।
इसलिए संयुक्त परिवार का टूटना अकेला दोषी नहीं है। असली कमी यह है कि संयुक्त परिवार टूटने के बाद समाज और सरकार ने बुजुर्गों की देखभाल का कोई मजबूत विकल्प नहीं बनाया।
नैतिक शिक्षा का संकट: बच्चे वही सीखते हैं जो घर में देखते हैं।
पहले नैतिक शिक्षा का मतलब सिर्फ धार्मिक कहानियां या रस्में नहीं था। इसका मतलब था — दूसरे के दुख को समझना, कमजोर की मदद करना, बुजुर्गों की इज्जत करना और अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने फर्ज को भी मानना।
आज बच्चों पर होड़, नौकरी और कामयाबी का बहुत दबाव है। पढ़ाई का मकसद भी अक्सर अच्छे चरित्र बनाने से ज्यादा अच्छे नंबर, नौकरी और कमाई तक सिमट गया है। बच्चे यह सीख रहे हैं कि कामयाब कैसे बनें, लेकिन यह कम सीख रहे हैं कि कामयाबी का इस्तेमाल परिवार और समाज के लिए कैसे करें।
नैतिक शिक्षा सिर्फ स्कूल की जिम्मेदारी नहीं है। बच्चा घर में वही सीखता है जो वह अपनी आंखों से देखता है। अगर परिवार में माता-पिता एक-दूसरे की इज्जत नहीं करते, घर के बुजुर्गों को अपमानित किया जाता है या संपत्ति को लेकर झगड़े होते हैं, तो बच्चे के मन में रिश्तों की इज्जत कैसे बनेगी?
नैतिक शिक्षा का मतलब पुरानी हर परंपरा को सही मान लेना भी नहीं है। इसका मतलब यह है कि आजादी के साथ जिम्मेदारी, अधिकार के साथ फर्ज और सुविधा के साथ संवेदना भी बनी रहे।
जब पैतृक घर रिश्ते से बड़ा हो जाए: संपत्ति के झगड़े की छाया।
भारत में घर और जमीन सिर्फ रहने या पैसा लगाने की चीज नहीं हैं। ये परिवार की पहचान, इज्जत और यादों से जुड़ी होती हैं। इसलिए संपत्ति का झगड़ा अक्सर रिश्तों को गहरा नुकसान पहुंचाता है।
कई मामलों में बुजुर्गों को तब तक इज्जत मिलती है जब तक संपत्ति उनके नाम रहती है। संपत्ति बच्चों के नाम होते ही उनके साथ व्यवहार बदल जाता है। कुछ बुजुर्गों को घर से निकाल दिया जाता है, कुछ को एक कोने के कमरे में सीमित कर दिया जाता है और कुछ को आश्रम छोड़ दिया जाता है।
यहां एक बड़ी सामाजिक समस्या दिखती है। माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य के लिए पूरी जमा-पूंजी लगा देते हैं, लेकिन अपने बुढ़ापे के लिए कुछ नहीं बचाते। वे सिर्फ भावनात्मक भरोसे पर टिके रहते हैं। दूसरी तरफ, बच्चे संपत्ति को अपना हक समझ लेते हैं और माता-पिता की सेवा को एहसान मानने लगते हैं।
इसका हल सिर्फ कानून से नहीं निकलेगा। बुजुर्गों को अपनी संपत्ति, पेंशन और इलाज के खर्च को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। संपत्ति का हस्तांतरण सोच-समझकर होना चाहिए। परिवार में वसीयत, विरासत और देखभाल की जिम्मेदारियों पर पहले से ही खुलकर बात हो जानी चाहिए।
रस्में कम हुईं या संवेदना? दोनों को एक समझना गलत है।
कुछ लोग मानते हैं कि आज की पीढ़ी रस्मों-रिवाजों से दूर हो रही है, इसलिए परिवारों में बुजुर्गों की इज्जत भी घट रही है। यह बात कुछ हद तक सही हो सकती है, लेकिन इसे पूरी तरह मान लेना ठीक नहीं होगा।
रस्में और संवेदना एक बात नहीं हैं। कोई इंसान पूजा-पाठ न करे, फिर भी वह अपने माता-पिता की दिल से सेवा कर सकता है। वहीं कोई इंसान ढेर सारी रस्में निभा सकता है, लेकिन अपने जिंदा माता-पिता की उपेक्षा भी कर सकता है।
असली दिक्कत रस्मों के कम होने में नहीं, बल्कि उनके पीछे की इंसानियत के कमजोर पड़ने में है। अगर धार्मिक परंपरा इंसान को करुणा, सेवा और संयम नहीं सिखाती, तो वह सिर्फ दिखावा बनकर रह जाती है।
माता-पिता के मरने के बाद बड़े-बड़े कर्मकांड करने से ज्यादा जरूरी है कि उनके जीते-जी उन्हें इज्जत, इलाज, सुरक्षा और अपनापन दिया जाए।
बाहरी संस्कृति या बदलती जरूरतें? भोगवाद को समझने की जरूरत।
भारतीय समाज पर पश्चिमी संस्कृति का असर पड़ा है। इससे लोगों को आजादी, बराबरी और अपने अधिकारों की नई समझ मिली है। महिलाओं की पढ़ाई, नौकरी और अपनी जिंदगी के फैसले लेने की ताकत भी बढ़ी है। इन बदलावों को सिर्फ बुरा नहीं कहा जा सकता।
दिक्कत तब आती है जब बाहरी संस्कृति के कुछ हिस्सों को बिना समझे अपना लिया जाता है। आजादी का मतलब जिम्मेदारियों से मुक्ति नहीं है। निजी जिंदगी का हक माता-पिता और परिवार के हर फर्ज को खत्म नहीं कर देता।
विचारक जिग्मुंट बाउमन ने आज की जिंदगी को "तरल आधुनिकता" कहा था। उनके मुताबिक आज रिश्ते पहले के मुकाबले ज्यादा कच्चे और आसानी से टूटने वाले हो गए हैं। भोगवादी संस्कृति में इंसान चीजों की तरह रिश्तों को भी फायदे और सुविधा के हिसाब से देखने लगता है। ऐसे में लंबे समय तक निभाए जाने वाले रिश्ते मुश्किल लगने लगते हैं।
लेकिन भारतीय समाज में यह बदलाव पूरी तरह बाहर से नहीं आया है। हमारे अपने परिवारों में भी पुरुष-प्रधानता, संपत्ति का गैर-बराबर बंटवारा, बहुओं पर जरूरत से ज्यादा बोझ और बुजुर्गों का जवानों की आजादी में रोड़ा बनना — जैसी समस्याएं पहले से मौजूद रही हैं।
इसलिए इसका हल पुराने समय में अंधे होकर लौटने में नहीं, बल्कि परंपरा की अच्छी बातों और आज के जमाने के काम की बातों में संतुलन बनाने में है।
फ्रांसीसी विचारक एमिल दुर्खीम ने "अनोमी" नाम का शब्द उस हालत के लिए इस्तेमाल किया, जिसमें समाज के पुराने नियम कमजोर पड़ जाएं, लेकिन नए नियम लोगों को कोई दिशा न दें। ऐसे में इंसान तय नहीं कर पाता कि उसका फर्ज क्या है और उसकी सीमा कहां तक है।
आज परिवार भी ठीक ऐसी ही हालत से गुजर रहा है। पुरानी पीढ़ी कहती है कि बच्चों का फर्ज है कि वे माता-पिता की सेवा करें। नई पीढ़ी कहती है कि हर इंसान को अपनी जिंदगी जीने का हक है। दोनों बातें अपनी जगह सही हो सकती हैं, लेकिन बातचीत और संतुलन की कमी में टकराव पैदा होता है।
भारतीय समाज में बदलाव का रास्ता:
भारतीय विचारक एम. एन. श्रीनिवास ने अध्ययन किया कि भारतीय समाज में पश्चिमीकरण और बदलाव कैसे होते हैं। उनके काम से यह समझ आता है कि भारतीय समाज में बदलाव सिर्फ एक ही दिशा में नहीं होता। लोग नई जीवनशैली अपनाते हैं, लेकिन साथ ही अपनी पुरानी पहचान और रिश्तों को भी बचाए रखना चाहते हैं।
यही वजह है कि आज कई परिवार अलग रहते हुए भी पैसे और दिल से जुड़े रहते हैं।
कुछ अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि संयुक्त परिवार से छोटे परिवार में बदलाव का मतलब हमेशा रिश्तों का पूरी तरह खत्म हो जाना नहीं होता। कई परिवार दूर रहते हुए भी पैसों की मदद, फोन, वीडियो कॉल और आते-जाते रहकर बुजुर्गों से जुड़े रहते हैं। इसे रिश्तों का अंत नहीं, बल्कि रिश्तों का नया तरीका भी कहा जा सकता है।
आज बेटा हजार किलोमीटर दूर हो सकता है, लेकिन रोज वीडियो कॉल कर सकता है। वह घर में मौजूद नहीं है, पर इलाज का खर्चा उठा सकता है। इसलिए रिश्तों को सिर्फ एक छत के नीचे रहने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और दिल के जुड़ाव से भी समझना होगा।
बुजुर्गों की देखभाल सिर्फ परिवार का निजी मामला नहीं: सरकार और कानून की भी जिम्मेदारी।
बुजुर्गों की देखभाल सिर्फ परिवार की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। भारत में माता-पिता और बुजुर्गों के भरण-पोषण और कल्याण के लिए 2007 का एक कानून है। इसका मकसद है माता-पिता और बुजुर्गों को अपने बच्चों से गुजारा पाने का कानूनी हक देना और उनके कल्याण का इंतजाम करना।
फिर भी कानून का होना और कानून का ठीक से लागू होना, दो अलग बातें हैं। बहुत से बुजुर्ग अपने ही बच्चों के खिलाफ शिकायत करने से डरते हैं। उन्हें लगता है कि कानूनी कार्रवाई से परिवार की बदनामी होगी या बच्चे हमेशा के लिए रिश्ता तोड़ देंगे।
सरकार को क्या करना चाहिए? सरकार को कुछ ठोस कदम उठाने चाहिए:
- हर जिले में बुजुर्गों की मदद के लिए आसानी से मिलने वाली व्यवस्था हो।
- सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग और इज्जत वाली सुविधा हो।
- अकेले रहने वाले बुजुर्गों से स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मी नियमित संपर्क रखें।
- बुढ़ापा पेंशन और स्वास्थ्य बीमा का दायरा बढ़ाया जाए।
- संपत्ति हड़पने और बुजुर्गों को घर से निकालने के मामलों में तुरंत कानूनी मदद मिले।
- आश्रमों पर निगरानी रखी जाए, ताकि वे सिर्फ छोड़ दिए गए लोगों की आखिरी जगह न बन जाएं।
भारत में बुजुर्गों की गिनती तेजी से बढ़ रही है। UNFPA की India Ageing Report 2023 के मुताबिक 2050 तक देश की बुजुर्ग आबादी कुल आबादी के 20 फीसदी से ज्यादा हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बुजुर्गों का बड़ा हिस्सा पैसे से कमजोर है और कई लोग बिना नियमित आमदनी के जिंदगी जी रहे हैं।
इसलिए आने वाले वक्त में यह समस्या और बड़ी होने वाली है। आज जिसे हम कुछ परिवारों की समस्या समझ रहे हैं, वह कल पूरे समाज की बनावट से जुड़ा सवाल बन सकता है।
परिवारों को क्या बदलना होगा?
1. सबसे पहले परिवारों को यह समझना होगा कि बुजुर्ग सिर्फ खर्च का विषय नहीं हैं। वे परिवार की यादें, अनुभव और भावनात्मक सहारा होते हैं। उनकी कीमत नौकरी या कमाई से तय नहीं की जा सकती।
2. बुजुर्गों को भी बदलते जमाने को समझना होगा। बच्चों से प्यार और उम्मीद रखना स्वाभाविक है, लेकिन हर फैसले में दखल, पुराने नियमों की जिद और संपत्ति को लेकर दबाव रिश्तों को कमजोर कर सकते हैं। इज्जत दोनों तरफ से होनी चाहिए।
👉 इस विषय को आप मेरे पुराने लेख के द्वारा विस्तार से समझ सकते है।
https://chanchalsohaon.blogspot.com/2026/06/blog-post_04.html?m=1
3. मुश्किल आने से पहले परिवार में बातचीत हो। इलाज का खर्च कौन उठाएगा, फोन कौन नियमित करेगा, संपत्ति का क्या होगा और इमरजेंसी में किसे बुलाया जाएगा — इन बातों पर मुश्किल आने से पहले ही बात हो जानी चाहिए।
कई परिवारों में इन सवालों पर तब बात होती है जब बीमारी, मौत या संपत्ति का झगड़ा सामने आ चुका होता है। बेहतर यही होगा कि इन बातों पर सही समय में ही खुलकर बात हो।
4. चौथी बात, समाज को "बुजुर्गों की सेवा" को सिर्फ बहू या किसी एक बेटे की जिम्मेदारी नहीं मानना चाहिए। परिवार के सभी लोगों को समय, पैसा और देखभाल की जिम्मेदारी बांटनी चाहिए।
देखभाल का मतलब सिर्फ दवा देना नहीं है। कभी-कभी दस मिनट बैठकर बात करना, अस्पताल में साथ जाना, उनकी बात सुनना और यह महसूस कराना कि वे आज भी परिवार के लिए जरूरी हैं — यह भी देखभाल का ही एक रूप है।
जिम्मेदारी का पुनर्निर्माण हो
समाज में आया यह बदलाव अचानक नहीं हुआ। आर्थिक हालात बदले, परिवार छोटे हुए, लोग नौकरी के लिए दूर गए, पढ़ाई और रहन-सहन बदला, संपत्ति की अहमियत बढ़ी और घर में बातचीत कमजोर हुई। इन सबने मिलकर रिश्तों की पुरानी बुनावट बदल दी।
फिर भी यह कहना गलत होगा कि आज हर इंसान स्वार्थी है या पुरानी पीढ़ी पूरी तरह आदर्श थी। पुराने परिवारों में भी अन्याय और उपेक्षा थी, लेकिन आज की चुनौती यह है कि आजादी और जिम्मेदारी के बीच नया संतुलन कैसे बनाया जाए।
बुजुर्गों की देखभाल सिर्फ परंपरा निभाने की बात नहीं है। यह इंसानियत, संवेदना और इंसाफ की परीक्षा है। जिस समाज में माता-पिता को जिंदगीभर इस्तेमाल करने के बाद बुढ़ापे में छोड़ दिया जाता है, वहां सिर्फ आर्थिक तरक्की काफी नहीं कही जा सकती।
हमें ऐसी संस्कृति बनानी होगी, जिसमें माता-पिता बच्चों की संपत्ति नहीं बल्कि आजाद इंसान माने जाएं; बच्चे माता-पिता के गुलाम न हों, लेकिन उनकी जिम्मेदारी से मुक्त भी न हों; और सरकार परिवार की जगह लेने की बजाय परिवारों को सहारा दे।
जिंदा माता-पिता की सेवा किसी भी अंतिम संस्कार से बड़ी है। रिश्तों की असली परीक्षा मौत के बाद नहीं, जिंदगी के आखिरी सालों में होती है।
👉 परिवारों के टूटने के कुछ कारणों को समझने का प्रयास इस लेख के माध्यम से किया गया है।
https://chanchalsohaon.blogspot.com/2026/06/blog-post_09.html?m=1
Comments
Post a Comment